🔴 *बड़कोता नदी ड्रेन में मिला युवती का शव, 8–10 दिन पुराना होने की आशंका, इलाके में मची सनसनी*
*उन्नाव।*
उन्नाव जिले के कोरारी कला क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़कोता नदी ड्रेन में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृतका की उम्र करीब 22 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। शव की स्थिति को देखते हुए यह करीब 8 से 10 दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। युवती का शव नदी में औंधे मुंह पड़ा हुआ मिला, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
👗 *पहनावे के आधार पर पहचान का प्रयास*
मृतका के शरीर पर हरे रंग की छिटदार हाफ टी-शर्ट, नीले रंग की चौकोर खाने वाली हाफ जैकेट और नीले रंग की लेगिंग पाई गई है। इसके अलावा दोनों पैरों में पंजों के पास काला धागा बंधा हुआ मिला है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
⚖️ *पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव*
पुलिस ने मौके पर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
👉 *हादसा या साजिश?*
युवती की मौत हादसा है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी है, इसका खुलासा अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का दावा है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
*ब्यूरो रिपोर्ट भारत वन न्यूज उन्नाव*







