रीलबाजी का खतरनाक ट्रेंड: उन्नाव में बंदूक के साथ वीडियो वायरल, पुलिस जांच तेज
उन्नाव।
सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक अब कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जा रहा है। ताजा मामला अचलगंज थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवती ने बंदूक के साथ रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। खतरनाक रील वायरल होते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो “मोहनी राठौर” नाम की इंस्टाग्राम आईडी से साझा किया गया है। वीडियो में युवती खुलेआम हथियार लहराते हुए नजर आ रही है। इस रील को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। यूजर्स का कहना है कि इस तरह के वीडियो न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि युवाओं को गलत दिशा में भी ले जाते हैं।
बताया जा रहा है कि युवती ने रीलबाजी के जुनून में खुद को प्रभावशाली दिखाने के लिए हथियार का प्रदर्शन किया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो में दिख रही बंदूक लाइसेंसी है या अवैध। पुलिस इसी अहम बिंदु पर जांच कर रही है कि हथियार कहां से आया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया गया।
इस घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आम लोगों का कहना है कि यदि इस तरह खुलेआम हथियारों के साथ वीडियो बनाए जाएंगे और उन्हें सोशल मीडिया पर डाला जाएगा, तो समाज पर इसका गलत असर पड़ेगा। खासकर युवा वर्ग इससे प्रभावित होकर अपराध की ओर आकर्षित हो सकता है।
अचलगंज थाना पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन नियमों के खिलाफ है। वीडियो की सत्यता, युवती की पहचान और हथियार की वैधता की जांच की जा रही है। जांच में यदि किसी तरह का नियम उल्लंघन या अवैध हथियार का मामला सामने आता है, तो संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।







